राजस्थान में रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका, दो स्लीपर टूटे; सुरक्षा एजेंसियों में मचा हड़कंप

श्रीगंगानगर के अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलखंड पर विस्फोट से पटरी क्षतिग्रस्त, एटीएस, आईबी और सीआईडी ने शुरू की जांच; चार ट्रेनें रद्द।

श्रीगंगानगर: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर मंगलवार रात संदिग्ध धमाके से हड़कंप मच गया। विस्फोट 50 जीबी गांव के पास रात करीब 9:45 बजे हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो स्लीपर टूट गए और ट्रैक के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया।

जानकारी के मुताबिक, धमाके से करीब 45 मिनट पहले इस रास्ते से यात्री ट्रेन गुजरी थी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद खुफिया ब्यूरो, अपराध जांच विभाग और आतंकवाद निरोधक दस्ते की टीमों ने जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, विस्फोट के कारणों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाया जा रहा है। घटनास्थल से नमूने लेकर फोरेंसिक जांच की जाएगी। एहतियातन बुधवार को इस रेलखंड की चार यात्री ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।

Related Articles

Back to top button