15 साल के वैभव सूर्यवंशी के मुरीद हुए बॉबी देओल, बोले- भगवान का आशीर्वाद बना रहे, नजर ना लगे
आईपीएल में वैभव की तूफानी बल्लेबाजी से प्रभावित हुए बॉबी देओल, कहा- वह फिनोमिना हैं और बेहद शानदार खिलाड़ी हैं
15 साल के बिहार के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से न सिर्फ क्रिकेट फैंस, बल्कि फिल्मी सितारों को भी अपना दीवाना बना लिया है। इसी कड़ी में बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल ने भी वैभव की खुलकर तारीफ की है। एक इंटरव्यू के दौरान जब बॉबी से आईपीएल और वैभव सूर्यवंशी को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि वह वैभव की बैटिंग को काफी पसंद करते हैं और उन्होंने कम उम्र में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह काबिले तारीफ है।
बॉबी देओल इस समय अपनी आने वाली फिल्म ‘बंदर’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। प्रमोशन के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या वह आईपीएल देख रहे हैं, तो उन्होंने बताया कि शूटिंग के चलते वह कुछ मैच मिस कर गए, लेकिन वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन के बारे में उन्होंने सुना है। बॉबी ने वैभव को “फिनोमिना” बताते हुए कहा कि भगवान की कृपा उन पर बनी रहे और उन्हें बुरी नजर से बचाकर रखें।
दरअसल, वैभव सूर्यवंशी ने अपनी धुंआधार बल्लेबाजी से इतनी जल्दी पहचान बना ली है कि कई दिग्गज भी उनकी प्रतिभा की चर्चा कर रहे हैं। बॉबी देओल ने भी यही कहा कि इतनी छोटी उम्र में इतना बड़ा असर डालना आसान नहीं होता। उनके मुताबिक वैभव एक अद्भुत खिलाड़ी हैं और उनमें आगे चलकर भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ा नाम बनने की पूरी क्षमता है।



