कसमंडी कलां मामले में पासी समाज की आज बैठक, आगे की रणनीति तय करेगा संगठन

काकोरी के मलहां गांव में सूरज पासी की अगुवाई में जुटेंगे समाज के लोग, कानूनी लड़ाई और सामाजिक एकजुटता पर होगी चर्चा

मलिहाबाद के कसमंडी कलां गांव में दो विवादित ढांचों को लेकर उपजे तनाव के बीच अब पासी समाज ने अपनी अगली रणनीति तय करने के लिए बैठक बुलाई है। यह बैठक बुधवार को काकोरी के मलहां गांव में होगी, जिसकी अगुवाई लाखन आर्मी के अध्यक्ष सूरज पासी करेंगे।

जानकारी के मुताबिक, बैठक में समाज की एकजुटता, कानूनी कदम और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कसमंडी कलां में विवादित ढांचों को लेकर तनाव अब भी बना हुआ है और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की तैनाती जारी है, हालांकि पहले की तुलना में जवानों की संख्या कुछ कम कर दी गई है।

इस मुद्दे को लेकर सूरज पासी ने सोमवार को मोहनलालगंज के सांसद आरके चौधरी से भी मुलाकात की थी। उन्होंने पासी समाज के साथ खड़े होने और इस संघर्ष में सहयोग देने की अपील की थी। इस दौरान उन्हें एक ज्ञापन भी सौंपा गया। हालांकि आरके चौधरी ने इस मामले में सीधे कोई टिप्पणी करने से परहेज किया और कहा कि वह इसे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के संज्ञान में लाएंगे।

बताया जा रहा है कि बैठक में कुछ पदाधिकारी पूर्व सांसद कौशल किशोर से भी समर्थन मांगने की बात उठा सकते हैं। ऐसे में आज की बैठक से यह साफ होगा कि पासी समाज इस विवाद को लेकर किस दिशा में आगे बढ़ता है और अपनी लड़ाई को किस स्तर तक ले जाता है।

कसमंडी कलां में जारी यह विवाद अब सिर्फ स्थानीय मुद्दा नहीं रह गया है, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बनता जा रहा है। आज की बैठक से आने वाले दिनों की रणनीति का संकेत मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button