गुरु रंधावा के जिम के बाहर फायरिंग, लॉरेंस गैंग के सदस्य ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी

दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित गायक गुरु रंधावा के जिम के बाहर गुरुवार सुबह गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गुरुवार सुबह पंजाबी गायक गुरु रंधावा के जिम के बाहर अंधाधुंध फायरिंग की घटना सामने आई। राहत की बात यह रही कि इस वारदात में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अमेरिका में बैठे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे अनिल पंडित नाम के शख्स ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में कथित तौर पर गुरु रंधावा को सलमान खान के करीब रहने को लेकर धमकी भी दी गई। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

दिल्ली पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फायरिंग करने वालों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button