उत्तराखंड के कर्णप्रयाग क्षेत्र के सिमली में संचालित महिला अस्पताल को पूर्ण बेस अस्पताल का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर महापंचायत का आयोजन किया गया। इस बैठक में क्षेत्र के 60 से अधिक ग्राम पंचायतों के महिला मंगल दल, युवक मंगल दल और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा महिला अस्पताल को बेस अस्पताल का दर्जा देने की घोषणा की गई थी, लेकिन यह निर्णय अब तक धरातल पर लागू नहीं हो सका है। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
महापंचायत में मौजूद लोगों ने सरकार से जल्द शासनादेश जारी करने की मांग की। इस दौरान विधायक अनिल नौटियाल ने आश्वासन दिया कि दो महीने के भीतर बेस अस्पताल का शासनादेश जारी कर दिया जाएगा और 15 अगस्त तक इस पर ठोस निर्णय लिया जाएगा।