‘सतलुज’ की स्क्रीनिंग पर हाईकोर्ट में याचिका, दिलजीत दोसांझ की फिल्म को लेकर बढ़ा विवाद
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में वकील ने गैरकानूनी स्क्रीनिंग पर कार्रवाई की मांग की, कहा- इससे नफरत फैलने का खतरा
दिलजीत दोसांझ की चर्चित फिल्म ‘सतलुज’ एक बार फिर विवादों में घिर गई है। ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 से हटाए जाने के बाद विभिन्न स्थानों पर फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जिसके खिलाफ अब पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया गया है।
वकील विनीत जिंदल ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर फिल्म की कथित गैरकानूनी सार्वजनिक स्क्रीनिंग कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपनी याचिका की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि इस मामले में संबंधित आयोजकों, धार्मिक संगठनों और राजनीतिक दलों की भूमिका की जांच होनी चाहिए।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि सार्वजनिक स्क्रीनिंग का इस्तेमाल कथित तौर पर हिंसा भड़काने और किसी समुदाय तथा सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ नफरत फैलाने के लिए किया जा रहा है। इसी आधार पर अदालत से उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
गौरतलब है कि जी5 से हटने के बाद फिल्म की पंजाब और जम्मू समेत कई स्थानों पर विशेष स्क्रीनिंग हुई थी, जिसके बाद विवाद और गहरा गया। अब इस मामले में हाईकोर्ट के रुख पर सभी की नजरें टिकी हैं। अदालत में सुनवाई के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।





