IND vs ENG: मौसम साफ, फिर भी टॉस में हुई देरी; साउथैंप्टन में ट्रैफिक जाम बना वजह
स्टेडियम पहुंचने में देर से भारतीय टीम का टॉस टला, इंग्लैंड पहले ही मैदान पर शुरू कर चुका था अभ्यास
भारत और इंग्लैंड के बीच साउथैंप्टन में खेले जा रहे पांचवें और अंतिम टी20 मुकाबले के टॉस में अप्रत्याशित देरी देखने को मिली। दिलचस्प बात यह रही कि मौसम पूरी तरह साफ था और बारिश की कोई बाधा नहीं थी। इसके बावजूद निर्धारित समय पर टॉस नहीं हो सका, जिससे प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई।
दरअसल, भारतीय टीम स्टेडियम पहुंचने के दौरान ट्रैफिक जाम में फंस गई थी। इसी कारण खिलाड़ी और टीम प्रबंधन समय पर मैदान नहीं पहुंच सके। दूसरी ओर इंग्लैंड की टीम पहले ही स्टेडियम पहुंच चुकी थी और उसने मैच से पहले अपना अभ्यास भी शुरू कर दिया था।
भारतीय समयानुसार मुकाबला शाम सात बजे शुरू होना था, जबकि टॉस 6:30 बजे निर्धारित था। लेकिन भारतीय टीम के देर से पहुंचने के कारण टॉस को आगे बढ़ाना पड़ा। बाद में मुख्य कोच गौतम गंभीर समेत पूरी टीम स्टेडियम पहुंची और खिलाड़ियों ने अभ्यास शुरू किया।
इंग्लैंड पहले ही पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना चुका है। ऐसे में भारतीय टीम आखिरी मुकाबले में जीत दर्ज कर सम्मान बचाने के इरादे से मैदान पर उतरी, जबकि इंग्लैंड की नजर सीरीज का शानदार समापन करने पर रही।



