टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले में भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भिलंगना ब्लॉक के मुयाल गांव के जंदोली तोक में देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद भूस्खलन की घटना सामने आई। पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण कई घरों पर खतरा मंडराने लगा, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, तड़के सुबह सविता देवी के घर के सामने आंगन का बड़ा हिस्सा अचानक दरक गया। इसके बाद भारी मात्रा में मलबा नीचे स्थित मकानों की ओर पहुंच गया। खतरा बढ़ता देख ग्रामीण अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन विभाग और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेने के बाद प्रभावित परिवारों को एहतियात के तौर पर घरों में न रहने की सलाह दी। इसके बाद तीन परिवारों को गांव के पंचायत भवन के अतिरिक्त कक्षों में अस्थायी रूप से शिफ्ट कराया गया।
भूस्खलन की चपेट में गांव का प्राथमिक विद्यालय भी आ गया है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं, प्रभावित क्षेत्र में निगरानी जारी है।