‘बंटवारा 1947’ का रोमांटिक गाना रिलीज, अली फजल और करण देओल दिखे प्यार में डूबे

'तबस्सुम' गाने को सोनू निगम और हीर ने आवाज दी, एआर रहमान के संगीत और जावेद अख्तर के बोल ने बढ़ाई खूबसूरती।

मुंबई। भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का नया गाना ‘तबस्सुम’ रिलीज हो गया है। रिलीज होते ही यह रोमांटिक ट्रैक चर्चा में आ गया है। गाने में फिल्म के कलाकार अली फजल और करण देओल अपने-अपने प्रेम प्रसंगों को दर्शाते हुए नजर आ रहे हैं।

‘तबस्सुम’ गाने को मशहूर गायक सोनू निगम और हीर ने अपनी आवाज दी है। इसके खूबसूरत बोल जाने-माने गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे हैं, जबकि संगीत की जिम्मेदारी दिग्गज संगीतकार एआर रहमान ने संभाली है। एआर रहमान ने इस गाने को कंपोज करने के साथ-साथ प्रोड्यूस और अरेंज भी किया है।

गाने के वीडियो में कलाकारों के बीच प्यार, भावनाओं और रिश्तों की झलक दिखाई गई है। फिल्म की कहानी जिस दौर पर आधारित है, उसमें रिश्तों और इंसानी भावनाओं को खास महत्व दिया गया है। ऐसे में यह रोमांटिक गाना फिल्म की कहानी के भावनात्मक पक्ष को और मजबूत करता नजर आ रहा है।

‘बंटवारा 1947’ में भारत के विभाजन के समय की परिस्थितियों और लोगों के जीवन पर पड़े प्रभावों को दिखाने की कोशिश की गई है। फिल्म में सनी देओल और प्रीति जिंटा जैसे अनुभवी कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म के गाने को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है। एआर रहमान का संगीत, जावेद अख्तर की लेखनी और सोनू निगम की आवाज ने इस ट्रैक को खास बना दिया है। अब देखना होगा कि फिल्म रिलीज के बाद दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरी उतरती है।

Related Articles

Back to top button