‘7 डॉग्स’ में सलमान का एक्शन
नए ट्रेलर में सलमान खान और संजय दत्त का दमदार अंदाज, 21 अगस्त को भारत में रिलीज होगी फिल्म
सलमान खान और संजय दत्त के प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर है। दोनों सितारे जल्द ही अंतरराष्ट्रीय एक्शन फिल्म ‘7 डॉग्स’ में एक साथ नजर आने वाले हैं। फिल्म का नया ट्रेलर सामने आ चुका है, जिसमें दोनों कलाकार जबरदस्त एक्शन और अलग अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। ट्रेलर रिलीज होने के साथ ही फिल्म की भारत में रिलीज डेट का भी खुलासा कर दिया गया है।
‘7 डॉग्स’ में सलमान खान और संजय दत्त के अलावा मिस्र के चर्चित कलाकार अहमद एज और करीम अब्देल अजीज प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म में हॉलीवुड अभिनेत्री मोनिका बेलुची और अभिनेता जियानकार्लो एस्पोसिटो भी नजर आएंगे। ऐसे में फिल्म की स्टारकास्ट इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खास बना रही है।
नए ट्रेलर में फिल्म की कहानी एक्शन, रोमांच और तेज घटनाक्रम से भरपूर नजर आ रही है। सलमान खान और संजय दत्त की जोड़ी को एक बार फिर पर्दे पर देखने के लिए उनके प्रशंसकों में उत्सुकता बढ़ गई है। दोनों इससे पहले भी कई फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं और उनकी जोड़ी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रही है।
मेकर्स के अनुसार फिल्म दुनियाभर में रिलीज की जाएगी। भारत में ‘7 डॉग्स’ 21 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म को हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। बड़े बजट, अंतरराष्ट्रीय कलाकारों और एक्शन से भरपूर ट्रेलर के कारण फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच अभी से चर्चा शुरू हो गई है।





