दिल्ली में 100 अटल कैंटीन पूरी

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि अटल कैंटीन के जरिए जरूरतमंदों को महज पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

दिल्ली में जरूरतमंद लोगों को सस्ता भोजन उपलब्ध कराने की योजना के तहत 100 अटल कैंटीन का संकल्प पूरा होने की जानकारी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दी। मुख्यमंत्री के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर उनके नाम पर इन कैंटीनों को शुरू करने का फैसला लिया गया था।

इस पहल का उद्देश्य दिल्ली में जरूरतमंद लोगों को कम कीमत पर भोजन उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सोच है कि राजधानी में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। अटल कैंटीन में लोगों को महज पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में 100 अटल कैंटीन सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं। इस योजना के तहत रोजाना करीब एक लाख लोगों को सस्ता भोजन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का कहना है कि कैंटीन से मजदूरों, गरीबों और अन्य जरूरतमंद लोगों को राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस पहल को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि बताया। उन्होंने कहा कि उनके नाम पर शुरू की गई यह योजना सामाजिक सरोकार और सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन से पहले महिलाओं से पिंक कार्ड बनवाने की अपील भी की। सरकार की ओर से महिलाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए इस दिशा में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button