सौरव दास को लंदन जाने से रोका, महुआ मोइत्रा ने नेपाल के प्रधानमंत्री से की शिकायत
पासपोर्ट में जन्मस्थान की जानकारी में विसंगतियों को लेकर उठे सवाल, ऑक्सफोर्ड यूनियन में भाषण देने जा रहे थे सीजेपी नेता
कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लंदन जाने से रोक दिया गया। वह ऑक्सफोर्ड यूनियन में भाषण देने के लिए जा रहे थे। सौरव के मुताबिक, एयरपोर्ट पर उन्हें बताया गया कि उनका पासपोर्ट चिह्नित कर दिया गया है। इस मामले में तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से शिकायत की है।
महुआ ने आरोप लगाया कि सौरव को उनकी मां के नेपाली मूल का होने के कारण परेशान किया जा रहा है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पासपोर्ट में जन्मस्थान की जानकारी में विसंगतियां मिलने पर चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
इसके अलावा, मद्रास उच्च न्यायालय में सौरव और उनके माता-पिता की पारिवारिक पृष्ठभूमि की जांच कराने की मांग को लेकर याचिका भी दायर की गई है। फिलहाल पासपोर्ट संबंधी विसंगतियां और पारिवारिक पृष्ठभूमि इस पूरे विवाद के केंद्र में हैं।




