हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी और स्विस राष्ट्रपति गाइ परमेलिन की प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक

भारत-स्विट्जरलैंड संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा, व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग समेत कई मुद्दे एजेंडे

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन ने सोमवार को हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक की। दोनों नेताओं के बीच भारत और स्विट्जरलैंड के द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के साथ कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की गई।

बैठक में व्यापार और निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार, कार्यबल की आवाजाही, संस्कृति और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों तथा बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को लेकर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया।

स्विस राष्ट्रपति गाइ परमेलिन तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे हैं। उनकी यह पहली राजकीय भारत यात्रा है और इस वर्ष उनकी दूसरी भारत यात्रा है। इससे पहले वह फरवरी में नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल होने भारत आए थे। उनके साथ वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापारिक प्रतिनिधियों का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है।

भारत यात्रा के दौरान राष्ट्रपति परमेलिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे। सात अक्तूबर को वह दूसरे भारत-ईएफटीए समृद्धि शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह सम्मेलन भारत-ईएफटीए व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते के लागू होने की पहली वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ के देशों में स्विट्जरलैंड भारत का सबसे बड़ा व्यापार और निवेश साझेदार है। दोनों देशों के बीच नियमित उच्चस्तरीय संवाद के जरिए आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button