योगी बोले- 2017 से पहले यूपी में था माफिया राज, हमने लागू किया कानून का शासन
लोहिया विधि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में पिछली सरकारों पर साधा निशाना, न्यायमूर्ति विक्रम नाथ ने हल्के-फुल्के अंदाज में शुरू किया संबोधन।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के पांचवें दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में माफिया का दबदबा था, जबकि उनकी सरकार ने कानून का शासन लागू किया।
मुख्यमंत्री ने प्रयागराज के माफिया अतीक अहमद का नाम लिए बिना कहा कि एक समय ऐसा था, जब एक माफिया के सामने कानून, मुख्यमंत्री, राज्यपाल और न्यायाधीश तक का महत्व नहीं रह जाता था। उन्होंने दावा किया कि माफिया का काफिला निकलने पर पहले उसे रास्ता दिया जाता था और जिस जमीन पर वह कब्जा कर लेता था, वह उसी की हो जाती थी।
योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने ‘रूल ऑफ माफिया’ की जगह ‘रूल ऑफ लॉ’ को लागू किया।
समारोह में सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली और उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय भी मौजूद रहे। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत हल्के-फुल्के अंदाज में की।



