दिल्ली की रामलीला में जलेगा 30 फीट का कॉकरोच, सीजेपी ने बताया तमाशा
रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के साथ जलेगा कॉकरोच का पुतला; आयोजकों ने बताया स्वच्छता का प्रतीक, अभिजीत दिपके बोले—मुफ्त प्रचार के लिए धन्यवाद
दिल्ली के पीतमपुरा में इस बार रामलीला के दौरान रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के साथ 30 फीट ऊंचे कॉकरोच का पुतला भी जलाया जाएगा। श्री केशव रामलीला समिति की इस योजना ने राजनीतिक और सामाजिक चर्चा छेड़ दी है।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने इस फैसले पर तंज कसते हुए आयोजकों को मुफ्त प्रचार के लिए धन्यवाद दिया। वहीं, संगठन की कानूनी प्रमुख रत्ना सिंह ने पूरे मामले को तमाशा बताया।
समिति के अनुसार, कॉकरोच का पुतला गंदगी और मैल का प्रतीक होगा। इसके जरिए स्वच्छ भारत और स्वच्छ दिल्ली अभियान के तहत साफ-सफाई का संदेश दिया जाएगा। समिति के अध्यक्ष और भाजपा विधायक अशोक गोयल ने कहा कि इस फैसले के पीछे कोई राजनीतिक मंशा नहीं है। इसका उद्देश्य बुराई पर अच्छाई की जीत के संदेश के साथ स्वच्छता का महत्व बताना है।
हालांकि, इस योजना को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोगों ने धार्मिक आयोजन में ऐसे पुतले को लेकर सवाल उठाए हैं, जबकि कई लोग इसके समर्थन में हैं।




