कन्नौज में तीन मौतों के बाद फूटा परिजनों का गुस्सा, शव सड़क पर रखकर लगाया जाम
थार वाहन न पकड़े जाने से नाराज परिजनों का प्रदर्शन, कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात, सपा-भाजपा के नेता भी पहुंचे
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद परिजनों का आक्रोश भड़क उठा। नाराज परिजनों ने तीनों मृतकों के शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन हादसे में शामिल थार वाहन को पुलिस द्वारा न पकड़े जाने से नाराज बताए जा रहे हैं।
यह पूरा मामला इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के अगौस गांव का है। प्रदर्शन के चलते सड़क पर आवागमन प्रभावित हो गया। स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास शुरू किया।
घटना की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के कई नेता भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी परिजनों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने में जुटे हैं।
परिजनों की मांग है कि हादसे के लिए जिम्मेदार थार वाहन को जल्द पकड़ा जाए और मामले में उचित कार्रवाई की जाए। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।




