मुंबई में बम धमाकों की धमकी से हड़कंप, अमिताभ बच्चन का बंगला और एयरपोर्ट समेत कई जगह निशाने पर
धमकी भरे ईमेल में मेयर कार्यालय, बैंक और महालक्ष्मी स्टेडियम का भी जिक्र, सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
मुंबई में एक बार फिर बम धमाकों की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। 12 नवंबर को मिले एक धमकी भरे ईमेल में मुंबई की कई प्रमुख जगहों को निशाना बनाने की बात कही गई है। इनमें छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, पंजाब नेशनल बैंक की शाखाएं, मेयर कार्यालय, अदालत, महालक्ष्मी स्टेडियम और अभिनेता अमिताभ बच्चन का बंगला जलसा शामिल हैं। ईमेल में गायक दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों का भी जिक्र किया गया है। कथित तौर पर ईमेल के अंत में खालिस्तान नेशनल आर्मी का नाम लिखा गया है, हालांकि इसकी प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हुई है। धमकी मिलने के बाद संबंधित स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाकर जांच की गई। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं।

