सीट के लिए भिड़े यात्री और पुलिसकर्मी,महिला ने पुलिसकर्मियों पर लगाया मारपीट का आरोप

बिहार से तीन बेटियों के साथ लुधियाना जा रही महिला ने जीआरपी के दो जवानों पर लगाए आरोप, घायल करने और जबरन वीडियो बनाने का दावा; महिला समेत पांच लोगों पर ही दर्ज हुआ मुकदमा।

जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब जीआरपी पुलिस की कार्रवाई और पुलिसकर्मियों पर लगे गंभीर आरोपों के कारण चर्चा में है। बिहार से अपनी तीन बेटियों के साथ लुधियाना जा रही एक महिला ने जीआरपी के दो पुलिसकर्मियों पर धक्का-मुक्की, मारपीट और जबरन वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि इस दौरान वह घायल हो गई और उसका मंगलसूत्र भी तोड़ दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, बिहार के शिवराजपुर की रहने वाली रूबी छठ पूजा मनाने के बाद अपनी बेटियों लक्ष्मी, खुशी और सुनीता के साथ लुधियाना लौट रही थी। इसी दौरान जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर विवाद हो गया। महिला के आरोपों के अनुसार, मुरादाबाद के पास जीआरपी के दो पुलिसकर्मी अजय कुमार और सागर अपनी परिचित दो महिला यात्रियों को सीट दिलाने का प्रयास कर रहे थे। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर रूबी और उसकी तीन बेटियों के साथ दो अन्य लोगों पिक्कू और चंदन को भी ट्रेन से उतार लिया गया। महिला का कहना है कि इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मोबाइल से वीडियो बनाने को लेकर विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की होने लगी।

रूबी ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट कर घायल करने और मंगलसूत्र तोड़ने का आरोप लगाया है। वहीं, हैरानी की बात यह है कि महिला और उसकी तीन बेटियों समेत पांच लोगों के खिलाफ ही जीआरपी ने मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

 

 

Related Articles

Back to top button