यूपी में भाजपा विधायकों की बढ़ी मुश्किलें, चौपालों से तय होगी टिकट की दावेदारी!
पांच दिसंबर तक 50 चौपाल लगाने का लक्ष्य, लापरवाही पर कट सकता है टिकट
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने सांसदों और विधायकों को पांच दिसंबर तक 50-50 जन चौपाल लगाने का लक्ष्य दिया है। इन चौपालों के जरिए गांव-गांव तक जनता से संवाद किया जाएगा और नेताओं के जनाधार तथा क्षेत्र में उनके प्रभाव का आकलन होगा। पार्टी मुख्यालय से इन आयोजनों की निगरानी की जा रही है। बताया जा रहा है कि चौपालों के प्रदर्शन के आधार पर विधायकों की टिकट दावेदारी का मूल्यांकन किया जा सकता है। जिन क्षेत्रों में जनप्रतिनिधि लक्ष्य पूरा करने में लापरवाही बरतेंगे, वहां मौजूदा विधायकों का टिकट खतरे में पड़ सकता है। कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी। फिलहाल टिकटों पर आधिकारिक मंथन शुरू नहीं हुआ है। चौपाल अभियान के बाद सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे पर भी बातचीत होगी। इसके अलावा भाजपा सपा के चुनावी वादों और पिछली सरकार के कार्यकाल को लेकर भी जनता के बीच अभियान चलाने की तैयारी में है।


