पौड़ी में भीषण सड़क हादसा: खाई में गिरी वैन, आठ लोगों की मौत, सात महिलाएं शामिल
रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास हुआ हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी वैन; एक गंभीर घायल को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजने की तैयारी
पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। रिखणीखाल ब्लॉक में रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास एक वैन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय वैन में करीब 14 लोग सवार थे। वाहन के खाई में गिरने से मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में वाहन चालक अनिल देवराड़ा, निवासी भंगलवाण गांव और सात महिलाओं की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे में घायल आठवीं महिला ने रिखणीखाल अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई। वहीं, हादसे में घायल अन्य लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



