मांडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग, सीएम रेखा गुप्ता ने गडकरी को लिखा पत्र

दक्षिण दिल्ली के 8.8 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर के विकास की जिम्मेदारी एनएचएआई को सौंपने का आग्रह

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिण दिल्ली के महत्वपूर्ण मांडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग उठाई है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर इस सड़क के विकास की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सौंपने का आग्रह किया है।

सीएम रेखा गुप्ता ने अपने पत्र में कहा कि करीब 8.8 किलोमीटर लंबा मांडी रोड दिल्ली-एनसीआर का एक अहम रणनीतिक सड़क मार्ग है। यह छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास महरौली-गुरुग्राम रोड (एनएच-148ए) को दिल्ली-हरियाणा सीमा पर गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से जोड़ता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मार्ग का महत्व केवल स्थानीय यातायात तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे प्रमुख आर्थिक केंद्रों के बीच संपर्क को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि इसे राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा मिलने से सड़क विकास के लिए बेहतर योजना बनाई जा सकेगी और आधुनिक इंजीनियरिंग मानकों के अनुसार इसका उन्नयन संभव होगा।

रेखा गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि मांडी रोड के विकास को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए एनएचएआई को जिम्मेदारी दी जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुगम यातायात सुविधा मिल सके।

Related Articles

Back to top button