देहरादून रायपुर गोलीकांड का खुलासा, बिजनौर की पुरानी रंजिश निकली फायरिंग की वजह

तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश जारी; शादी समारोह में हुए विवाद का बदला लेने पहुंचे थे हमलावर

देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि वारदात के पीछे बिजनौर में हुए एक पुराने विवाद की रंजिश थी। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, तीन जुलाई की रात करीब नौ बजे कमेंद्र शर्मा अपने साथियों नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ शराब के ठेके के बाहर खड़ा था। इसी दौरान तीन-चार युवक वहां पहुंचे और पिस्टल से दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से नवीन राणा के कंधे और कमेंद्र शर्मा के पैर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

एसएसपी के निर्देश पर गठित पांच पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि कुछ समय पहले बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद से रंजिश चली आ रही थी। उसी दुश्मनी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने देहरादून पहुंचकर फायरिंग की।

पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मुख्य आरोपी और उसके साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button