‘धुरंधर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान, बनी दूसरी सबसे बड़ी फिल्म

20वें दिन भी बरकरार कमाई की रफ्तार, ‘बाहुबली 2’ का रिकॉर्ड तोड़कर रचा इतिहास

रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। रिलीज के 20वें दिन भी फिल्म की कमाई की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। तीसरे हफ्ते में एंट्री के बाद भले ही कलेक्शन में थोड़ी गिरावट आई हो, लेकिन फिल्म लगातार 10 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर रही है।

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले हफ्ते में 674.17 करोड़ रुपये और दूसरे हफ्ते में 263.65 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया। इसके बाद तीसरे हफ्ते में भी फिल्म ने मजबूती बनाए रखी। 20वें दिन यानी तीसरे मंगलवार को फिल्म ने करीब 10.10 करोड़ रुपये की कमाई की, जिसके साथ इसका कुल नेट कलेक्शन 1033.37 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

इस उपलब्धि के साथ ‘धुरंधर 2’ ने Baahubali 2: The Conclusion के 1030.42 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है और अब यह भारत की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। इस सूची में पहले स्थान पर Pushpa 2: The Rule कायम है, जिसका कलेक्शन 1234.10 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

फिल्म की सफलता का श्रेय इसके दमदार एक्शन, कहानी और स्टार कास्ट को दिया जा रहा है। रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस को दर्शकों से खूब सराहना मिल रही है, वहीं निर्देशक आदित्य धर की प्रस्तुति ने भी फिल्म को ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बनाते हुए ‘पुष्पा 2’ को भी पीछे छोड़ पाएगी या नहीं।

Related Articles

Back to top button