कोरबा में किसान ने एसईसीएल पर लगाए गंभीर आरोप, सर्वे रोकने की दी चेतावनी

मुआवजा न मिलने से नाराज़ किसान ने कहा— पहले भुगतान हो, तभी होगा भूमि सर्वे कार्य

कोरबा जिले के हरदीबाजार क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। ग्राम सुवाभोड़ी और मलगांव के एक किसान ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और चेतावनी दी है कि यदि उसकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वह अपनी अन्य भूमि का सर्वे और नापी कार्य नहीं होने देगा।

किसान का कहना है कि उसकी जमीन का अधिग्रहण एसईसीएल दीपका क्षेत्र द्वारा पहले ही किया जा चुका है, लेकिन चार वर्ष बीत जाने के बाद भी मुआवजे की राशि का भुगतान नहीं हुआ है। इस कारण वह मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान है।

पीड़ित किसान ने आरोप लगाया कि उसने कई बार कलेक्टर जनदर्शन और संबंधित एसईसीएल कार्यालय में अपनी समस्या रखी, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं मिला। उसका कहना है कि जब तक पुराना बकाया मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक वह अपनी अन्य संपत्तियों के सर्वे कार्य को रोकने के लिए मजबूर रहेगा।

किसान ने यह भी कहा कि यदि प्रशासन या एसईसीएल प्रबंधन में क्षमता है, तो वे उसकी जमीन का जबरन अधिग्रहण करके दिखाएं। इस बयान के बाद क्षेत्र में मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।

विवादित भूमि को लेकर किसान ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उसने कहा कि एक तरफ विकास परियोजनाओं के नाम पर जमीन ली जा रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रभावित किसानों को उनका हक नहीं मिल रहा है।

किसान ने अपनी शिकायत की प्रतियां एसईसीएल बिलासपुर, तहसीलदार हरदीबाजार तथा कंपनी के शीर्ष अधिकारियों को भी भेजी हैं, ताकि जल्द से जल्द समाधान निकाला जा सके।

फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच या कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button