इच्छामृत्यु पर आधारित आदिल हुसैन की फिल्म ‘मर्सी’ की पहली झलक जारी, 24 अप्रैल 2026 को होगी रिलीज

गहरी भावनाओं, नैतिक सवालों और कानूनी जटिलताओं को दर्शाती फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय फेस्टिवल्स में बटोरी सराहना

अभिनेता आदिल हुसैन स्टारर फिल्म ‘मर्सी’ की पहली झलक सामने आ गई है, जिससे दर्शकों में उत्साह और बढ़ गया है। यह फिल्म एक बेहद संवेदनशील विषय ‘निष्क्रिय इच्छामृत्यु’ (Passive Euthanasia) पर आधारित है, जो जीवन, मृत्यु और मानवीय भावनाओं के बीच जटिल संतुलन को दर्शाती है।

फिल्म की कहानी जीवन के अंतिम पड़ाव पर खड़े एक ऐसे परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने प्रियजन के जीवन और मृत्यु को लेकर कठिन निर्णयों से गुजरता है। इसमें गहरा भावनात्मक संघर्ष, दर्द, प्रेम और कानूनी प्रक्रियाओं की जटिलता को प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया है।

निर्माताओं ने फिल्म की पहली झलक सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि हर विदाई अपने भीतर प्रेम और बिछड़ने की कहानी समेटे होती है। उन्होंने बताया कि ‘मर्सी’ जुड़ाव, देखभाल और जाने देने की मानवीय शक्ति को दर्शाती है।

फिल्म का निर्देशन और लेखन मितुल पटेल ने किया है। इसमें आदिल हुसैन के साथ राज वासुदेवा, निहारिका रायजादा, अपर्णा घोषाल और कुणाल भान जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

हाल ही में यह फिल्म कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में सराही गई है, जहां इसकी कहानी और विषय की गहराई की प्रशंसा हुई। फिल्म की रिलीज डेट 24 अप्रैल 2026 तय की गई है और यह भारत के चुनिंदा सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।

फिल्म को लेकर चर्चा इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि हाल ही में एक वास्तविक मामले में इच्छामृत्यु को लेकर देश में नई बहस छिड़ी है, जिसने इस विषय को और अधिक प्रासंगिक बना दिया है।

Related Articles

Back to top button