जेईई मेन 2027: आवेदन का आज आखिरी मौका, कल से लगेगा अतिरिक्त शुल्क; 13.29 लाख छात्रों ने किया पंजीकरण
एनटीए आज बंद करेगा पहले सत्र के लिए नियमित आवेदन की प्रक्रिया, 23 से 26 नवंबर तक विलंब शुल्क के साथ मिलेगा मौका, जनवरी में होगी परीक्षा।
जेईई मेन 2027 के पहले सत्र में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए आज आवेदन करने का आखिरी दिन है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) 22 नवंबर को नियमित आवेदन प्रक्रिया बंद कर देगी। अब तक 13,29,670 आवेदन जमा हो चुके हैं, जिनमें से 11,19,062 अभ्यर्थियों ने परीक्षा शुल्क भी जमा कर दिया है। इच्छुक विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित समय में आवेदन नहीं करने वाले विद्यार्थियों को 23 से 26 नवंबर तक अतिरिक्त शुल्क के साथ फॉर्म भरने का मौका मिलेगा। इसके बाद 27 से 29 नवंबर तक आवेदन पत्र में सुधार किया जा सकेगा। परीक्षा शहर की जानकारी 30 दिसंबर को जारी होगी, जबकि प्रवेश पत्र 13 जनवरी 2027 को उपलब्ध होंगे। जेईई मेन के पहले सत्र की परीक्षा 20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी समेत कुल 13 भाषाओं में होगी।



