‘तुम कितने असद मारोगे…’ वीडियो डालना पड़ा भारी, मेरठ का अमन गिरफ्तार
सूर्य चौहान हत्याकांड के आरोपी असद के एनकाउंटर पर सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो पोस्ट करने के आरोप में पुलिस की कार्रवाई, आरोपी ने कान पकड़कर मांगी माफी

गाजियाबाद के चर्चित सूर्य चौहान हत्याकांड और मुख्य आरोपी असद के पुलिस एनकाउंटर के बाद सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में मेरठ निवासी अमन नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें हाथ में चाकू लेकर आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणी की गई थी। पुलिस का कहना है कि वीडियो से सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने और लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होने की आशंका थी।
जानकारी के अनुसार, वीडियो में आरोपी युवक ने असद के एनकाउंटर को लेकर विवादित बयान दिया था। वीडियो तेजी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। जांच के दौरान वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की पहचान मेरठ निवासी अमन के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि हाल ही में गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में 11वीं कक्षा के छात्र सूर्य प्रताप चौहान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।



