बच्ची की हत्या केस में IPS अफसर की हंसी पर भड़कीं कुनिका सदानंद, बोलीं- ‘कैसे हंस सकते हैं?
कोयंबटूर में 10 साल की बच्ची के रेप और हत्या मामले की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस अधिकारियों की हंसी पर सोशल मीडिया में भारी नाराजगी, अभिनेत्री कुनिका सदानंद ने भी जताया गुस्सा।

तमिलनाडु के कोयंबटूर में 10 साल की बच्ची के साथ रेप और हत्या के मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस संवेदनशील केस को लेकर अब सोशल मीडिया पर पुलिस अधिकारियों के व्यवहार को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, मामले पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक महिला IPS अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी हंसते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस वीडियो को देखने के बाद अभिनेत्री कुनिका सदानंद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि अगर अधिकारियों को ऐसे मामलों से फर्क पड़ता, तो बच्चियों के खिलाफ अपराधों को लेकर इतनी संवेदनहीनता दिखाई नहीं देती। कुनिका ने कहा कि एक महिला अधिकारी का इस तरह “खी-खी” करके हंसना बेहद दुखद और शर्मनाक है।
सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। कई यूजर्स ने पुलिस अधिकारियों के रवैये को असंवेदनशील बताया, जबकि कुछ लोगों ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई और इस्तीफे की मांग तक कर डाली। यह मामला अब सिर्फ अपराध तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और प्रशासनिक संवेदनशीलता पर भी बड़े सवाल खड़े कर रहा है।

