ऑस्कर समारोह से पहले बाल-बाल बचे प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस

रेड कार्पेट पहुंचते समय गोल्फ कार्ट का बिगड़ा संतुलन, वायरल वीडियो ने खींचा सबका ध्यान

हॉलीवुड के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोह ऑस्कर अवॉर्ड्स में शामिल होने पहुंचे ग्लोबल स्टार कपल प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस एक छोटे से हादसे से बाल-बाल बच गए। रेड कार्पेट पर पहुंचने से पहले का उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गोल्फ कार्ट का संतुलन बिगड़ता नजर आता है।

दरअसल, समारोह स्थल तक पहुंचने के लिए आयोजकों ने मेहमानों के लिए गोल्फ कार्ट की व्यवस्था की थी। प्रियंका और निक भी इसी कार्ट से रेड कार्पेट की ओर जा रहे थे। जैसे ही ड्राइवर ने कार्ट को मोड़ने की कोशिश की, अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और एक पहिया हवा में उठ गया। इस दौरान दोनों ने तुरंत कार्ट को मजबूती से पकड़ लिया।

कुछ ही सेकेंड में ड्राइवर ने कार्ट पर काबू पा लिया और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि इस पूरे पल का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तेजी से वायरल हो गया और फैंस ने राहत की सांस ली।

यह समारोह अमेरिका के हॉलीवुड स्थित डॉल्बी थिएटर में आयोजित किया गया था। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के कारण आयोजकों ने निजी वाहनों को अंदर आने की अनुमति नहीं दी थी। इसी वजह से मेहमानों को रेड कार्पेट तक पहुंचाने के लिए गोल्फ कार्ट का इस्तेमाल किया गया।

गौरतलब है कि इस साल ऑस्कर समारोह में हॉलीवुड फिल्म One Battle After Another का दबदबा देखने को मिला, जिसने कई प्रमुख पुरस्कार अपने नाम किए। प्रियंका चोपड़ा इस कार्यक्रम में अवॉर्ड प्रेजेंटर के रूप में शामिल हुईं और अपने पति निक जोनस के साथ रेड कार्पेट पर ग्लैमरस अंदाज में नजर आईं।

Related Articles

Back to top button