सुपरस्टार CM विजय का फिल्म इंडस्ट्री को तोहफा, तमिलनाडु में अब 5 शो रोज़ चल सकेंगे
नई रिलीज़ फिल्मों के लिए थिएटर नियमों में ढील, पहले हफ्ते में 5 शो और छुट्टियों पर अतिरिक्त शो की मंजूरी; प्रोड्यूसरों को राहत मिलेगी।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने फिल्म उद्योग के लिए बड़ा फैसला लिया है। राज्य में नई रिलीज़ तमिल फिल्मों के लिए अब थिएटरों को पहले सात दिनों तक दिन में पांच शो चलाने की अनुमति दी गई है। इससे पहले Tamil Nadu Cinemas (Regulation) Rules, 1957 के तहत आम तौर पर चार नियमित शो और छुट्टियों पर एक अतिरिक्त विशेष शो की व्यवस्था थी।
यह फैसला 16 मई को फिल्म उद्योग के प्रतिनिधियों से हुई मुलाकात के बाद लिया गया। सरकार के अनुसार, अब थिएटरों को पहले हफ्ते में पांच शो चलाने के लिए अलग से सरकारी या लाइसेंसिंग अनुमति नहीं लेनी होगी। स्थानीय त्योहारों, सार्वजनिक छुट्टियों, शनिवार और रविवार को भी पांच शो की अनुमति दी गई है।
इस कदम से थिएटर मालिकों और निर्माताओं, खासकर छोटे और मध्यम बजट की फिल्मों को राहत मिलने की उम्मीद है। ट्रेड सर्कल का मानना है कि शुरुआती हफ्ते में अधिक शो मिलने से ऑक्यूपेंसी और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन दोनों पर सकारात्मक असर पड़ सकता है।
