द्वारका में हथौड़े से किरायेदार की हत्या, मकान खाली न करने पर रची गई साजिश
मकान मालिक और सहयोगी गिरफ्तार, पूछताछ में किरायेदारी विवाद और महिला पर गलत नजर को बताया हत्या का कारण
दिल्ली के द्वारका नॉर्थ इलाके में 38 वर्षीय अखिलेश मंडल की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने मकान मालिक अनिल ठाकुर (66) और उसके सहयोगी राजू कुमार (28) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक अखिलेश मंडल लंबे समय से मकान मालिक के बार-बार कहने के बावजूद कमरा खाली नहीं कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि पत्नी की मृत्यु के बाद अखिलेश पर राजू कुमार की पत्नी पर गलत नजर रखने का आरोप था। इसी बात को लेकर दोनों आरोपियों में नाराजगी बढ़ती गई और उन्होंने मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है।



