KBC 18 में दिखेगा सितारों का जलवा
सनी देओल, प्रीति जिंटा और आमिर खान बिग बी के साथ लगाएंगे मनोरंजन का तड़का
‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 18वां सीजन दर्शकों के बीच जल्द दस्तक देने वाला है। शो के पहले एपिसोड को खास बनाने के लिए बॉलीवुड के कई बड़े सितारे एक साथ नजर आएंगे। महानायक अमिताभ बच्चन इस सीजन में भी शो की मेजबानी करते दिखाई देंगे। वहीं शुरुआती एपिसोड में अभिनेता सनी देओल और अभिनेत्री प्रीति जिंटा हॉट सीट पर पहुंचेंगी। इनके साथ अभिनेता आमिर खान भी शो का हिस्सा बनेंगे।
शो से सामने आए प्रोमो ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। प्रोमो में सनी देओल और आमिर खान अमिताभ बच्चन के साथ जमकर मस्ती करते नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान आमिर खान अमिताभ बच्चन से उनके प्रोमो में कही गई बात को लेकर मजेदार सवाल करते हैं। आमिर पूछते हैं कि जब आप कहते हैं कि ‘सोचना पड़ेगा’, तो आखिर क्या सोचना पड़ेगा।
इस पर अमिताभ बच्चन अपने खास अंदाज में जवाब देते हुए कहते हैं कि इतना आसान नहीं होने वाला है, क्योंकि सोचना पड़ता है। तीनों सितारों के बीच की यह हल्की-फुल्की बातचीत प्रोमो को मनोरंजक बना रही है।
पहले एपिसोड में सनी देओल और प्रीति जिंटा अपनी आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रचार के लिए पहुंचेंगे। ऐसे में दर्शकों को फिल्म से जुड़े किस्से और कलाकारों की आपसी बातचीत भी सुनने को मिल सकती है। आमिर खान की मौजूदगी ने इस एपिसोड को और खास बना दिया है।
अमिताभ बच्चन के साथ इन सितारों की मस्ती और मजेदार बातचीत को लेकर सोशल मीडिया पर भी दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ी हुई है। लंबे समय से क्विज शो के प्रशंसक नए सीजन का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में पहले ही एपिसोड में बॉलीवुड के तीन चर्चित चेहरों की मौजूदगी शो के लिए अच्छी शुरुआत मानी जा रही है।




