कैमरों पर गोबर, घर में लाखों की चोरी
सहारनपुर के नन्हेड़ा आसा गांव में चोरों ने सीसीटीवी निष्क्रिय कर डीवीआर भी ले गए, सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ किया।
सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र स्थित नन्हेड़ा आसा गांव में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर में प्रवेश करने से पहले वहां लगे सीसीटीवी कैमरों पर गोबर पोत दिया, ताकि उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद न हो सकें। इसके बाद वे डीवीआर भी निकालकर अपने साथ ले गए।
मकान की निवासी राखी के मुताबिक, वह अपने मायके गई हुई थीं। मंगलवार रात चोर पीछे के रास्ते से सीढ़ी लगाकर मकान में दाखिल हुए। घर के कमरों में रखी अलमारी के ताले तोड़कर चोरों ने करीब 14 तोला सोने के आभूषण, चांदी के जेवर, दो एलसीडी टीवी और एक लाख 60 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। इसके अलावा सरसों और अनाज से भरे कट्टे भी चोर अपने साथ ले गए।
वारदात की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे संदिग्धों की पहचान की जा सके।
परिवार की ओर से घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। चोरी में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।


