हजरतगंज में बाबा साहब को श्रद्धांजलि, कांग्रेस की विचार गोष्ठी में गूंजे समानता और न्याय के स्वर

अजय राय ने अंबेडकर जयंती पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, कांग्रेस कार्यालय में संविधान और सामाजिक न्याय पर हुई विस्तृत चर्चा

लखनऊ । भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर राजधानी लखनऊ में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस क्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने हजरतगंज स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसके उपरांत उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में अजय राय की अध्यक्षता में एक विचार गोष्ठी आयोजित की गई, जिसका संचालन कंट्रोल रूम प्रभारी विजय बहादुर ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाजसेवी मौजूद रहे।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि बाबा साहब द्वारा दिखाया गया समानता, न्याय और अधिकारों का मार्ग आज भी देश के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक बदलाव का प्रतीक है, जिससे हर नागरिक को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वंचित और शोषित वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए बाबा साहब के प्रयास ऐतिहासिक हैं और आज भी मार्गदर्शक हैं।

इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे भी दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्षरत हैं।

कार्यक्रम में विचार विभाग के चेयरमैन एच.एल. दुसाध सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, अनीस अंसारी, डॉ. लालती देवी, प्रो. आर.बी. बौद्ध, आसिफ रिजवी, पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव, डॉ. अमित राय, सलमान बशर और नरेश वाल्मीकि ने बाबा साहब के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए भारतीय संविधान की महत्ता को विस्तार से समझाया।

कार्यक्रम में मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, प्रदेश ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा और प्रदेश प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पाण्डेय सहित अनेक पदाधिकारियों ने भी भाग लिया और बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके अतिरिक्त अंबेडकर जयंती के अवसर पर ऑक्सीजनमैन फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता राजेश जायसवाल द्वारा गोमती नगर स्थित अंबेडकर पार्क के सामने भंडारे का आयोजन किया गया। वहीं बाराबंकी में पूर्व सांसद ए.पी. गौतम और जयंत गौतम द्वारा जयंती समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अजय राय ने शामिल होकर बाबा साहब को नमन किया।

यह आयोजन सामाजिक समरसता, संवैधानिक मूल्यों और समानता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बनकर सामने आया।

Related Articles

Back to top button