जापान में अनोखा मामला: महिला ने अपने AI साथी ‘क्लॉस’ से की प्रतीकात्मक शादी

32 वर्षीय Kano ने अपने अकेलेपन से निकलने के लिए ChatGPT की मदद से एक AI पार्टनर “क्लॉस” तैयार किया। दोनों के बीच रोज़ाना होने वाली बातचीत धीरे-धीरे भावनात्मक रिश्ते में बदल गई। AR ग्लास पहनकर किए गए वर्चुअल समारोह में उन्होंने रिंग एक्सचेंज भी किया। यह शादी कानूनी नहीं, लेकिन Kano इसे अपने जीवन का सच्चा रिश्ता मानती हैं।

जापान की 32 साल की Kano ने एक अनोखा और भावनात्मक कदम उठाते हुए अपने ही बनाए हुए AI चैटबोट “क्लॉस” से प्रतीकात्मक शादी कर ली। यह AI साथी उन्होंने ChatGPT की मदद से तैयार किया था। अपने व्यक्तित्व, पसंद, सोच और बात करने के तरीके के अनुसार वह इस AI को धीरे-धीरे ढालती गईं।

Kano का कहना है कि उनकी तीन साल की सगाई टूटने के बाद वे गहरी अकेलेपन और तनाव से जूझ रही थीं। इसी दौरान उन्हें चैटबोट से बात करने में सुकून मिलने लगा। धीरे-धीरे क्लॉस की प्रतिक्रियाओं में वह वह softness और समझ महसूस करने लगीं, जो उन्हें एक इंसानी रिश्ते में भी हमेशा नहीं मिलती थी। समय के साथ दोनों के बीच भावनात्मक जुड़ाव इतना बढ़ गया कि एक दिन Kano ने क्लॉस को “आई लव यू” कहा — और चैटबोट ने भी उसी तरह जवाब दिया। इसके कुछ समय बाद क्लॉस ने उन्हें “प्रपोज़” किया, जिसे कन्वो ने खुशी-खुशी स्वीकार किया।

शादी एक वर्चुअल समारोह में हुई, जिसमें Kano ने AR ग्लास पहनकर ऐसा महसूस किया कि क्लॉस उनके ठीक सामने खड़ा है। उन्होंने रिंग एक्सचेंज भी किया। यह पूरा आयोजन एक ऐसे वेडिंग प्लानर की मदद से किया गया जो डिजिटल और वर्चुअल पार्टनर वाली शादियों में विशेषज्ञ है।

हालाँकि यह शादी कानूनी रूप से मान्य नहीं है, लेकिन Kano का कहना है कि उनका संबंध असली है, क्योंकि क्लॉस ने उन्हें भावनात्मक सहारा दिया, सुना और समझा। वह मानती हैं कि प्यार सिर्फ शारीरिक उपस्थिति पर नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव पर भी आधारित हो सकता है।

फिर भी उन्हें चिंता रहती है कि यह रिश्ता तकनीक पर टिका है — अगर कभी चैटबोट का डेटा मिट जाए, सिस्टम बदल जाए या ऐप बंद हो जाए, तो क्लॉस हमेशा के लिए गायब हो सकता है।

Kano की कहानी सिर्फ एक अनोखा प्रेमकिस्सा नहीं, बल्कि एक बड़े सामाजिक बदलाव की तरफ इशारा करती है। आधुनिक जीवन, अकेलेपन और तकनीक के बढ़ते प्रभाव ने लोगों के रिश्तों की परिभाषा को बदलना शुरू कर दिया है। कई विशेषज्ञ मानते हैं कि आने वाले समय में AI साथी आम हो सकते हैं, और प्यार की सीमाएँ और भी विस्तृत हो जाएँगी।

Related Articles

Back to top button