मैजिकपिन-रैपिडो साझेदारी से जोमैटो-स्विगी को चुनौती
मैजिकपिन और रैपिडो की रणनीतिक साझेदारी से फूड-डिलीवरी बाजार में बड़ा बदलाव संभावित; रैपिडो के Ownly प्लेटफॉर्म के साथ 80,000 से अधिक रेस्तरां का नेटवर्क जुड़ेगा, कम कमीशन, तेज सेवा और पारदर्शी प्रणाली के दम पर जोमैटो-स्विगी के लंबे समय से चले आ रहे दबदबे को सीधी चुनौती देने की तैयारी

मैजिकपिन और रैपिडो ने मिलकर देश के फूड-डिलीवरी सेक्टर में बड़ा कदम उठाया है। इस साझेदारी के तहत मैजिकपिन अपने व्यापक रेस्तरां नेटवर्क को रैपिडो के नए प्लेटफॉर्म Ownly से जोड़ेगा। इसके बाद Ownly को करीब 80,000 से अधिक रेस्तरां तक सीधी पहुंच मिलेगी, जिससे उसका नेटवर्क तेजी से बढ़ेगा। वहीं मैजिकपिन को भी कुछ चयनित इलाकों में रैपिडो की डिलीवरी टीम (कैप्टन) का इस्तेमाल करने की सुविधा मिलेगी।
कमिशन कम, विकल्प अधिक — यही लक्ष्य
दोनों कंपनियों का लक्ष्य है कि रेस्तरां पार्टनर्स को कम कमीशन, बेहतर मुनाफा और अधिक पारदर्शी व्यवस्था प्रदान की जाए। यह मॉडल जोमैटो-स्विगी के पारंपरिक सेट-अप को सीधी चुनौती देता है, जहां रेस्तरां अक्सर उच्च कमिशन और डिलीवरी चार्ज को लेकर असंतोष जताते रहे हैं। रैपिडो का कहना है कि वे व्यापारियों को “सस्ता, भरोसेमंद और फुल-स्टैक समाधान” देना चाहते हैं, जिसमें ऑर्डर मैनेजमेंट से लेकर डिलीवरी तक पूरी प्रक्रिया सरल बनाई जाएगी।
ग्राहक और रेस्तरां दोनों के लिए नया विकल्प
मैजिकपिन-रैपिडो की साझेदारी से उपयोगकर्ताओं को एक नया विकल्प मिलेगा। उम्मीद है कि कम डिलीवरी चार्ज और तेज सेवा प्रदान करने पर जोर दिया जाएगा। रेस्तरां भी ज्यादा मार्जिन बचा पाएंगे, क्योंकि इस मॉडल में प्लेटफॉर्म-शुल्क अपेक्षाकृत कम रखा जाना है।
लेकिन चुनौतियाँ भी कम नहीं
फूड-डिलीवरी सेक्टर का सबसे बड़ा सच यह है कि यह कम मार्जिन वाला कारोबार है। डिलीवरी चार्ज, कैप्टन को भुगतान और ग्राहकों को दी जाने वाली छूट — इन सभी के बीच मुनाफा निकालना बड़ी चुनौती होती है। इसके अलावा, जोमैटो और स्विगी ने वर्षों में ग्राहकों के बीच बड़ी ब्रांड-वफादारी बनाई है। नए साझेदारों को उस भरोसे के स्तर तक पहुँचने में समय लगेगा। वहीं अधिकांश रेस्तरां पहले से पुराने प्लेटफार्मों के आदी हैं, ऐसे में उन्हें नए मॉडल पर लाना भी आसान नहीं होगा।
बाज़ार में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी
फिर भी यह साझेदारी फूड-डिलीवरी क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा को मजबूत करेगी। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि मैजिकपिन-रैपिडो कम लागत और तेज सेवा पर फोकस करने में सफल रहे, तो यह गठजोड़ बाजार में एक बड़ा बदलाव ला सकता है और उपभोक्ताओं के लिए बेहतर विकल्प तैयार कर सकता है।





