एटा में अवैध संबंधों के शक में पति की हत्या, पत्नी और प्रेमी पर आरोप; वारदात के बाद ऑडियो वायरल
'रामसेवक को भगवान के पास पहुंचा दिया...' हत्या के बाद प्रेमी ने पत्नी को फोन कर दी जानकारी, बच्चों को लेकर सुबह चार बजे घर छोड़ने की कही बात
उत्तर प्रदेश के एटा में अवैध संबंधों के चलते एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। गांव भदवास निवासी 40 वर्षीय रामसेवक का शव मंगलवार को हाईवे किनारे नाले में मिला। आरोप है कि उसकी पत्नी सीमा ने अपने प्रेमी आकाश के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने कथित तौर पर चाकू से गला रेतने के बाद शव नाले में फेंक दिया।
इस मामले में एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कथित प्रेमी महिला से कहता सुनाई दे रहा है कि उसने रामसेवक को भगवान के पास पहुंचा दिया है और वह सुबह चार बजे बच्चों को लेकर घर से निकल जाए। बातचीत में दोनों एक-दूसरे का नाम पुलिस के सामने नहीं लेने की बात भी करते सुनाई दे रहे हैं।
रामसेवक दिवाली मनाने के लिए 8 नवंबर को गांव आया था, जिसके बाद वह लापता हो गया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पिता की मौत और मां के खिलाफ कार्रवाई के बीच दोनों बच्चों की देखभाल का संकट भी खड़ा हो गया है।



