कानपुर में भाजपा नेता को बंधक बनाकर 34 लाख की लूट, बदमाश बोले- दो करोड़ दे दो, बजरंगबली की कसम
फॉर्म हाउस में घुसे दो नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे और चाकू के बल पर की वारदात, हाथ-पैर बांधकर बाथरूम में बंद किया
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव रमेश यादव के फॉर्म हाउस में लूटपाट का मामला सामने आया है। सेन पश्चिम पारा क्षेत्र में सोमवार देर रात दो नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर करीब 34 लाख रुपये का सामान लूट लिया। बदमाशों ने तमंचे और चाकू के बल पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
रमेश यादव के मुताबिक, वह लखनऊ में पदभार ग्रहण करने के बाद रात करीब 10:15 बजे अपने फॉर्म हाउस लौटे थे। उनके बाउंसर, निजी सुरक्षाकर्मी और साथी अपने-अपने घर जा चुके थे। रात करीब 10:45 बजे चालक भी उन्हें खाना देने के बाद चला गया। इसके कुछ देर बाद दो नकाबपोश बदमाश उनके कमरे में घुस आए। एक के पास तमंचा और दूसरे के पास चाकू था।
बदमाशों ने रमेश को धमकाते हुए चुप रहने को कहा। विरोध करने पर उनके मुंह में तौलिया ठूंसकर गमछे से बांध दिया और हाथ-पैर टेप से जकड़ दिए। इसके बाद उन्हें अलमारी वाले कमरे में ले जाकर लॉकर से 12 लाख रुपये नकद निकाल लिए। बदमाश सोने की दो चेन, एक कड़ा और दो कीमती घड़ियां भी ले गए। लूटे गए आभूषणों और घड़ियों की कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है।
रमेश के अनुसार, बदमाशों ने उनसे कहा कि वे परेशान हैं और उन्हें दो करोड़ रुपये दे दें। उन्होंने फोन करने की बात कही तो बदमाशों ने उनके साथी बलराम का नाम लिया। आरोपियों ने उन्हें बाथरूम में बंद करने से पहले पानी की बोतल और तौलिया भी दिया। उन्होंने कथित तौर पर बजरंगबली की कसम दिलाते हुए घटना किसी को न बताने की धमकी दी।
कुछ देर बाद रमेश किसी तरह अपने हाथ-पैर खोलकर बाहर निकले और साथियों को सूचना दी। घटना के समय फॉर्म हाउस के मुख्य गेट पर दो सुरक्षा गार्ड तैनात थे, लेकिन उन्हें वारदात की भनक नहीं लगी।
पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध रात करीब 10:20 बजे फॉर्म हाउस में प्रवेश करते और 11:37 बजे दीवार फांदकर निकलते दिखाई दिए। शुरुआती जांच में पुलिस को किसी परिचित की भूमिका होने की आशंका है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और मामले के खुलासे के लिए आठ टीमें लगाई गई हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





