टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में फडणवीस सख्त, बोले- पर्दे के पीछे के आकाओं को भी नहीं छोड़ेंगे

मुंबई पुलिस को मिले अहम सुराग, संदिग्धों की पहचान; विदेश में छिपे आरोपियों को पकड़ने के लिए केंद्र की मदद लेगी सरकार

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग को गंभीर और निंदनीय बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस को अहम सुराग मिले हैं और कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। पुलिस जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

फडणवीस के मुताबिक, कुछ आरोपी महाराष्ट्र से बाहर और कुछ देश से बाहर रहकर काम कर रहे हैं। उन्हें पकड़ने के लिए दूसरे राज्यों और केंद्र सरकार की मदद ली जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्दे के पीछे रहकर साजिश रचने वाले लोगों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

इस घटना के बाद बॉलीवुड कलाकारों की सुरक्षा की समीक्षा करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं का विश्लेषण कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उधर, सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है, लेकिन पुलिस ने पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।

Related Articles

Back to top button