दिल्ली में CJP के तीनों नेता रिहा, मजिस्ट्रेट कोर्ट ने अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दी राहत
जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए गए थे तीनों नेता, लीगल हेड रत्ना सिंह ने दी जानकारी
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के तीन प्रमुख नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को मजिस्ट्रेट कोर्ट ने रिहा करने का आदेश दिया है। तीनों को दिल्ली पुलिस ने शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान से उतरने के बाद हिरासत में लिया था। रविवार को उन्हें दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन में कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उनकी रिहाई के आदेश दिए गए।
सीजेपी की लीगल अफेयर्स हेड रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर तीनों नेताओं की रिहाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत ने अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को रिहा कर दिया है।
तीनों नेताओं को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े मुद्दों पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिया गया था। दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी।



