नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो विस्तार को कैबिनेट की मंजूरी, 2390 करोड़ रुपये होंगे खर्च
सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक बिछेगी 8.449 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन, पांच नए स्टेशन बनेंगे; लाखों लोगों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने एक्वा लाइन मेट्रो के विस्तार को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर कुल 2,390 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
नई मेट्रो लाइन नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक बनाई जाएगी। इसकी कुल लंबाई 8.449 किलोमीटर होगी और रास्ते में पांच नए एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। परियोजना पूरी होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा का सक्रिय मेट्रो नेटवर्क बढ़कर 71.878 किलोमीटर हो जाएगा।
इस विस्तार से आईटी कंपनियों, औद्योगिक क्षेत्रों, आवासीय सोसायटियों, शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों तक पहुंच आसान होगी। इसके अलावा नोएडा सेक्टर-61 पर ब्लू लाइन मेट्रो से इंटरचेंज की सुविधा भी मिलेगी। परियोजना से सड़क यातायात का दबाव कम करने, यात्रा का समय बचाने और सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।





