राजस्थान में दर्दनाक सड़क हादसा: खाटू श्याम मंदिर से लौट रहे आगरा के चार श्रद्धालुओं की मौत
दौसा-मनोहरपुर हाईवे पर टायर फटने से खाई में गिरी कार, राहुल और अर्पित गंभीर रूप से घायल; दूसरे हादसे में पांच लोग जख्मी
राजस्थान के दौसा-मनोहरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-148) पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायसर के पास कार का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में आगरा निवासी चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल और अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने के बाद कार से घर लौट रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे अचानक टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए।
मृतकों की पहचान अतुल, रूपेश, मुकुल और शिवा के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया, जिसे क्रेन की मदद से कार हटाने के बाद खुलवाया गया।




