कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर आतंकी हमला, गोलीबारी में तीन जवान घायल; दो की हालत गंभीर
बाइक सवार हमलावरों ने नाके पर तैनात जवानों को बनाया निशाना, वारदात के बाद फरार; सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर आतंकियों ने सीआरपीएफ जवानों पर हमला कर दिया। बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने नाके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में तीन जवान घायल होने की खबर है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, हमला दोपहर करीब 2:15 बजे हुआ। गोलीबारी करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल जवानों को उपचार के लिए अनंतनाग जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कुलगाम क्विक रिएक्शन टीम और अन्य सुरक्षाबल मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है।


