तमिलनाडु में भीषण सड़क हादसा, पेड़ से टकराई कार; 8 लोगों की मौत, 2 गंभीर

कार्यक्रम से लौट रहे थे कार सवार 10 लोग, पांच ने मौके पर तोड़ा दम और तीन की अस्पताल में हुई मौत

तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जम्बुनाथपुरम पुलिस थाना क्षेत्र के कोथुरपट्टी फोर रोड्स के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े नीम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

पुलिस के अनुसार, कार में कुल 10 लोग सवार थे। सभी नमक्कल जिले के एरुमापट्टी में आयोजित कान छिदवाने के एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद तंजावुर जिले के थिरुकाट्टुपल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 4 बजकर 5 मिनट पर कोथुरपट्टी फोर रोड्स के पास यह हादसा हो गया।

दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को तत्काल मुसिरी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान तीन और लोगों ने दम तोड़ दिया। हादसे में बचे दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना से मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।

Related Articles

Back to top button