पंजाब चुनाव से पहले भाजपा-अकाली दल का गठबंधन
अमित शाह और सुखबीर सिंह बादल ने किया गठबंधन का ऐलान, 2020 में कृषि कानूनों को लेकर टूटा था 24 साल पुराना राजनीतिक साथ।
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने एक बार फिर हाथ मिला लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने नई दिल्ली में संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान गठबंधन का ऐलान किया।
अमित शाह ने अकाली दल का राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में स्वागत करते हुए कहा कि दोनों दलों का रिश्ता काफी पुराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री भी अकाली दल का होगा।
नशामुक्त पंजाब बनाने का लक्ष्य
अमित शाह ने कहा कि गठबंधन का प्रमुख उद्देश्य पंजाब को नशे और भ्रष्टाचार से मुक्त करना है। उन्होंने 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने की समयसीमा भी घोषित की। उन्होंने कहा कि दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे और गठबंधन का विस्तृत घोषणापत्र बाद में जारी किया जाएगा।
2020 में अलग हुए थे दोनों दल
भाजपा और अकाली दल का गठबंधन वर्ष 2020 में तीन कृषि कानूनों को लेकर टूट गया था। अकाली दल ने किसानों के आंदोलन के बीच भाजपा से अपना करीब 24 साल पुराना साथ समाप्त कर दिया था। इसके बाद दोनों दलों ने 2022 का विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था।
इस बार दोनों दलों के बीच करीब तीन महीने तक बातचीत चली, जिसके बाद गठबंधन पर सहमति बनी। इससे पहले दोनों पार्टियां 1997, 2002, 2007, 2012 और 2017 के विधानसभा चुनाव साथ लड़ चुकी हैं। इनमें तीन बार गठबंधन की सरकार बनी थी।
अब 2027 के चुनाव में दोनों दलों के सामने सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की चुनौती होगी।





