पटना एनकाउंटर के बाद अस्पताल में बवाल, परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप; मीसा भारती पहुंचीं
मनेर मुठभेड़ में तीन लोगों की मौत के बाद भड़का आक्रोश, गाड़ियों में तोड़फोड़; परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की
बिहार के पटना स्थित मनेर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन लोगों की मौत के बाद शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। तीनों के शव दानापुर अस्पताल पहुंचते ही परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल परिसर में गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित किया।
मृतक जेपी यादव के भाई रामाशीष यादव ने आरोप लगाया कि पुलिस की कार्रवाई अनुचित थी। उन्होंने मुठभेड़ की कहानी पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
इस बीच राजद सांसद मीसा भारती भी अस्पताल पहुंचीं और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
वहीं, पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, पुलिस टीम पर अपराधियों ने 24 से अधिक राउंड फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में तीनों घायल हुए और अस्पताल में उनकी मौत हो गई।



