फर्जी जमानत आदेश दिखाकर जेल से छूटा आरोपी फरार, राजस्थान हाईकोर्ट में मचा हड़कंप
हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर मिले दो संदिग्ध जमानत आदेश, रजिस्ट्रेशन नंबर और सरकारी वकील के नाम में गड़बड़ी के बाद जांच शुरू।
जयपुर: राजस्थान हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जमानत से जुड़े दो संदिग्ध न्यायिक आदेश सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। मामला पंजाब निवासी 53 वर्षीय कलविंदर सिंह पानेसर से जुड़ा है, जो एनडीपीएस मामले में आरोपी है। उसके पास से 8.061 किलो अफीम बरामद होने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, 15 और 26 अक्टूबर 2026 की तारीख वाले दो कथित आदेशों में उसकी नियमित जमानत से संबंधित अलग-अलग जानकारियां दर्ज हैं। अधिवक्ता कैलाश खिलेरिया के अनुसार, अंतरिम जमानत की अवधि समाप्त होने के बाद आरोपी ने आत्मसमर्पण नहीं किया और तभी से फरार है।
संदिग्ध आदेशों में रजिस्ट्रेशन नंबर निर्धारित क्रम से अधिक पाए गए हैं। सरकारी अधिवक्ता के नाम पर भी सवाल उठे हैं। हाईकोर्ट प्रशासन ने दोनों आदेशों की जांच शुरू कर न्यायिक शाखा से रिपोर्ट मांगी है।


