भोगपुरम टोल गेट के पास खड़े ट्रक से भिड़ी कार, मंदिर से लौट रहे पांच श्रद्धालुओं की मौत

आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में भोगपुरम टोल गेट के पास हुआ भीषण हादसा, शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने की आशंका।

आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा भोगपुरम टोल गेट के पास सुबह करीब 7:30 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार एसयूवी सड़क किनारे खड़ी लॉरी से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पांचवें व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी टोल गेट के पास खड़ी लॉरी से जा भिड़ी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन पांचवें व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका।

शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि लगातार यात्रा और थकान के कारण कार चालक को नींद की झपकी आ गई होगी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर लॉरी से टकरा गया। हालांकि पुलिस ने हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस लॉरी के सड़क किनारे खड़े होने की स्थिति और संभावित लापरवाही की भी जांच कर रही है। इसके लिए टोल गेट के अभिलेखों की मदद से कार के गुजरने का समय भी पता लगाया जाएगा। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हादसे पर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर दुर्घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

 

Related Articles

Back to top button