आत्महत्या करने वाली नेपाली छात्रा के शव का हुआ पोस्टमार्टम, मजिस्ट्रेट भी रहे मौजूद

भुवनेश्वर:  ओडिशा स्थित केआईआईटी-भुवनेश्वर में मृत पाई गई 18 वर्षीय नेपाली छात्रा के शव का पोस्टमार्टम शनिवार को किया गया। वहीं पुलिस घटना की जांच में जुटी है। पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता के माता-पिता की सहमति के बाद एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तीन डॉक्टरों की टीम ने एम्स-भुवनेश्वर में पोस्टमार्टम किया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रकाश चंद्र पाल ने बताया कि नियमों के अनुसार पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई।

ओडिशा में ही किया जाएगा अंतिम संस्कार
पीड़िता के माता-पिता उसकी मौत की खबर मिलने के बाद शुक्रवार रात को भुवनेश्वर पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया कि गुरुवार को दोपहर 3 बजे जब उन्होंने अपनी बेटी से फोन पर बात की थी तो वह खुश थी, लेकिन उन्हें रात 8 बजे उसकी मौत की जानकारी दी गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि छात्रा का अंतिम संस्कार पुरी के स्वर्गद्वार में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लड़की के माता-पिता शव को नेपाल नहीं ले जाएंगे। पुलिस ने बताया कि उन्होंने करीब 10 लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें गर्ल्स हॉस्टल का स्टाफ भी शामिल है, जहां से गुरुवार शाम को शव बरामद किया गया था।

पुलिस मोबाइल और लैपटॉप की कर रही जांच
भुवनेश्वर के इन्फोसिटी पुलिस स्टेशन में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि वे मृतक लड़की के लैपटॉप और मोबाइल फोन की जांच कर रहे हैं। वहीं नेपाल सरकार ने घटना की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उल्लेखनीय है कि फरवरी में केआईआईटी परिसर में एक अन्य नेपाली लड़की की मौत के बाद व्यापक पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे।

क्या है मामला?
भुवनेश्वर के कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी) के छात्रावास में एक और नेपाली छात्रा प्रिसा साह का शव मिला। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला बताया गया है। इससे पहले 16 फरवरी 2025 को इसी संस्थान की एक अन्य नेपाली छात्रा प्रकृति लामसाल ने आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद खूब हंगामा हुआ था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बीटेक छात्रा का शव संस्थान के महिला छात्रावास के कमरा नंबर 111 से बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि वह कंप्यूटर साइंस की छात्रा थी और बीटेक की पढ़ाई कर रही थी। भुवनेश्वर के पुलिस आयुक्त एस देवदत्त सिंह ने बताया कि लड़की कैंपस में अपने छात्रावास के कमरे में मृत पाई गई, संदेह है कि उसने आत्महत्या की है। आत्महत्या के पीछे क्या कारण हो सकते हैं, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

Related Articles

Back to top button