‘चर्चगेट स्टेशन का नाम अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर किया जाए’,धनगर समुदाय ने उठाई मांग

मुंबई: दक्षिण मुंबई के चर्चगेट रेलवे स्टेशन के नाम बदलने को लेकर चर्चा तेज है। इसी बीच धनगर समुदाय के नेता प्रकाश शेंडगे ने शनिवार को मांग की कि दक्षिण मुंबई के चर्चगेट रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा जाए। पत्रकारों से बातचीत के दौरान शेंडगे ने कहा कि यहां ना तो कई चर्च है और ना ही कोई गेट, तो फिर इस स्टेशन का नाम चर्च गेट क्यों रखा गया है?
शेंडगे ने कहा कि स्टेशन के पास के एक चौराहे का नाम पहले ही अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा गया है, अब स्टेशन को भी उनका नाम दिया जाना चाहिए। बता दें कि अहिल्याबाई होल्कर मराठा शासन वाले मालवा राज्य की प्रसिद्ध रानी थीं।
भाजपा पर साधा निशाना
साथ ही अपने बयान में धनगर समुदाय के नेता ने भाजपा पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने धनगर समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने का जो वादा किया था, उसे अब तक पूरा नहीं किया है।
सीएम फडणवीस पर भी लगाए आरोप
इसके साथ ही शेंडगे ने कहा कि जिस व्यक्ति ने हमें एसटी दर्जा देने का वादा किया था, वह आज मुख्यमंत्री है। इससे पहले भी वह दो बार मुख्यमंत्री रह चुका है, लेकिन हमारे समुदाय को अब तक कुछ नहीं मिला। गौरतलब है कि धनगर समुदाय महाराष्ट्र में चरवाहों का समुदाय है और वर्तमान में घुमंतू जनजाति (एनची) की सूची में आता है। यह समुदाय लंबे समय से एसटी कोटे में आरक्षण की मांग कर रहा है।